थाना गोवर्धन पहुंचे पुलिस अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
धार्मिक नगरी गोवर्धन में बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ठहरे राजस्थान निवासी यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यात्री होटल के कमरे में अचेत अवस्था में मिला था। पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के अलवर जिले के किशनगढ़ निवासी नरेंद्र शर्मा गोवर्धन स्थित बस स्टैंड के पास एक होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह होटल कर्मचारी चेक आउट की प्रक्रिया के लिए उनके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने जांच की तो नरेंद्र शर्मा कमरे में अचेत अवस्था में पड़े मिले। कमरे में नशीले पदार्थ के खाली खोखे भी पड़े हुए मिले।
होटल कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल अचेत यात्री को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान और पते की जानकारी जुटाई तथा राजस्थान स्थित परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।