मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में किसी वाहन ने बाइक सवार युवकों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई व दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
बुधवार सुबह लगभग 9 बजे गौतमबुद्धनगर के बीटा 2 निवासी योगेश कुमार के पुत्र धर्मेंद्र (20) बाइक से अपने साथी के साथ मंदिर दर्शन के लिए मथुरा-वृंदावन जा रहे थे। नौहझील थाना क्षेत्र में नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास पीछे से किसी वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।
धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वह लगभग 3 घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा मगर किसी राहगीर द्वारा न तो उसे अस्पताल भिजवाया और न ही पुलिस को सूचना दी। लगभग 12 बजे युवक की हालत बिगड़ने पर किसी राहगीर ने युवक के साथी को गंभीर घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए केडी अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
विज्ञापन
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया। सूचना पर डायल 112 सहित उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।