काशीराम कॉलोनी में चौथी मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई। शव को लोगों ने जब खून से लथपथ पड़ा देखा तो अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मथुरा के वृंदावन नगर के कांशीराम काॅलोनी में चौथी मंजिल से गिरकर युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि युवक नशे का आदि था।
विज्ञापन
गौरा नगर निवासी धर्मवीर (18) पुत्र स्व. निरोती मंगलवार शाम घर से कांशीराम कॉलोनी निवासी दोस्त कमल और आकाश से मिलने गया था। रात में देर होने पर धर्मवीर दोस्त के फ्लैट की छत पर सोने चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देररात करीब ढाई बजे अचानक गिरने की तेज आवाज सुनाई दी, जब उन्होंने देखा तो धर्मवीर जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। धर्मवीर ब्लाॅक 44 की चौथी मंजिल से सोते समय नीचे गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोग उसे लेकर अद्धा पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
घटना की सूचना पाकर मृतक का भाई पवन भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतक ई-रिक्शा चलाने का काम करता था और नशे का आदी था। बीती रात भी उसने दोस्तों के साथ नशा किया था। चौकी प्रभारी रणजीत नागर ने बताया युवक की नशे के चलते मौत हुई है।