नंदगांव (मथुरा)। भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ास्थली नंदगांव है। यहां का नंदबाबा मंदिर जन्माष्टमी पर भक्तिमय रंग में रंगा हुआ है। यहां रविवार की मध्यरात्रि में यशोदानंदन का दिव्य अवतरण होगा। पावन क्षण को लेकर उल्लास चरम पर है।
श्रीकृष्ण जन्म से पूर्व बरसाना के ब्राह्मण समुदाय के लोग नंदगांव बधाई का लड्डू लेकर पहुंचेंगे। इस अवसर पर नंदगांव और बरसाना के लोग मिलकर समाज गायन करेंगे और नंदबाबा-यशोदा मैया को बधाई देंगे। शनिवार की संध्या को जन्म से एक दिन पहले महराना, गिडोह और आसपास के गांवों की युवतियां पान बीड़ा, मिठाइयां और अन्य सामग्री डिब्बों में सजाकर सिर पर रख बड़े चाव से नंदभवन पहुंचीं। मंदिर सेवायतों ने उनका परंपरागत किया। मंदिर प्रांगण में युवतियों ने नृत्य प्रस्तुत किया और समाज गायन हुआ।
नंदभवन में आज दोपहर 11 बजे समाज गायन, शाम 4 बजे बधाई का लड्डू वितरण, शाम 6 बजे नंदभवन में समाज गायन, रात 9 बजे भजन संध्या, रात 11 बजे से ढांड-ढाड़िन लीला और कृष्ण की वंशावली का बखान, रात 12 बजे यशोदानंदन श्रीकृष्ण का अभिषेक एवं दर्शन होंगे।