एसएसपी और नगर आयुक्त ने डेरा डाला
यम द्वितीया पर भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक तंत्र ने माकूल इंतजाम किए। बृहस्पतिवार को स्नान के दौरान एसएसपी अखिलेश यादव और नगर आयुक्त अनुनय झा भ्रमण करते रहे। व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को दिशानिर्देश देते रहे।
यम द्वितीया को लेकर पुलिस प्रशासन और नगर निगम के स्तर पर व्यापक प्रबंध किए गए थे। पीएसी के गोताखोर लगाए गए। बैरीकेडिंग के साथ प्रकाश व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया गया। मेला क्षेत्र की ओर आने वाले वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया। एसएसपी ने खुद मेला क्षेत्र में पैदल भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को देखा और पीएसी की नाव से स्वामीघाट से लेकर बंगालीघाट तक भ्रमण किया।
नगर आयुक्त अनुनय झा ने सुबह ही मेला क्षेत्र में डेरा डाल दिया। सभी विभागाध्यक्षों से जानकारी ले रहे थे। अधिकारियों को निर्देशित भी कर रहे थे। कैंप कार्यालय में मेला की निगरानी के साथ नगर आयुक्त ने यमुना जल का आचमन किया। इस दौरान महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, राकेश चतुर्वेदी, रामदास चतुर्वेदी पार्षद, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल मौजूद रहे।