गांव नरी-सेमरी स्थित देवी मंदिर पर यदुवंशियों ने बुधवार को अपनी कुलदेवी की लट्ठों से पूजा अर्चना की। नरी के देवी भक्त बैंडबाजों की धुन पर घोड़ी नचाते और देवी मां और झूला वाले के जयकारे लगाते हुए देवी मढ़ तक पहुंचे।
भक्तों ने पहले देवी के मंदिर पर तड़ातड़ लट्ठ बरसाए। इसके बाद मां के दर्शन कर मनौतियां मांगी। भक्तों के हाथों में लाठी, फरसा, बल्लम आदि थे। पुलिस ने पहले ही मुख्य मार्ग की दुकानों को बंद करा दिया। ग्रामीणों के लिए हाईवे से लेकर मां के भवन तक रास्ता खाली करा दिया। भक्तजन उछलते-कूदते हुए देवी मां के जयकारे लगाते दोपहर करीब दो बजे पहुंचे।
नरी के अलावा सांखी, अलवाई, रहेड़ा के लोगों ने भी लट्ठ पूजा की। प्रधान कुंवर सतपाल सिंह और मंदिर महंत बलवीर सिंह यदुवंशी ने बताया कि अनौखी लट्ठ पूजा को देखने के लिए देश-विदेश के श्रद्धालु आते हैं। लट्ठ पूजा के दौरान एसडीएम गुलाब चंद, सीओ योगेश पाठक, कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद तिवारी, मेला प्रभारी प्रदीप कुमार व अन्य पुलिसकर्मी, वीरी सिंह जादौन, कल्यान सिंह, सत्यपाल सिंह, ठाकुर अभयपाल सिंह, गिर्राज, कल्लन सिंह आदि उपस्थित थे।
मेला में जगह-जगह पानी की प्याऊ लगी थी। भवन में कन्या-लांगुरों की पूजा हुई। कुंड पर मुंडन संस्कार के बाद रात में गांव नरी में नौटंकी हुई। लट्ठ पूजा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी भी अपने दल के साथ घोड़ी पर सवार होकर पहुंचे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिगंबर सिंह, प्रताप सिंह, सतपाल चौधरी आदि उनके साथ थे।