बंगालीघाट इलाके में ध्रुवघाट स्थित देवस्थान पर एक सप्ताह पूर्व महिलाओं द्वारा कराई गई तोड़फोड़ के बाद पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट यादव समाज के लोगों ने सोमवार को शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने कलक्ट्रेट के पास कोतवाल कुंवर सिंह यादव का पुतला भी फूंका।
यादव समाज के अनुसार ध्रुवघाट पर बगीची में उनके बुजुर्गों के समाधिस्थल थे। 25 मई को छाया शर्मा, शालिनी द्विवेदी, मनीषा, बेबी, नीतू, प्रदीप शर्मा आदि ने बगीची पर जेसीबी लाकर तोड़फोड़ कर डाली। इसमें पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया था।
रविवार शाम लालबाबू यादव, प्रदीप यादव, मोहनलाल यादव सहित छह लोग इस देव स्थान पर पूजा करने पहुंचे तो कोतवाली प्रभारी सभी लोगों को पकड़कर थाने ले आए। उन्हें छुड़ाने पहुंचे लोगों से कोतवाली प्रभारी कुंवर सिंह यादव की झड़प हो गई। इसके बाद सोमवार सुबह यादव समाज के लोगों की आर्य समाज रोड स्थित यादव मार्केट में बैठक हुई। इसके बाद सैकड़ों महिलाएं, बुजुर्ग और युवक सड़क पर आ गए।
कोतवाली प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी करते लोग होली गेट, विकास बाजार, टैंक चौराहा होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम कार्यालय के सामने उन्होंने कोतवाली प्रभारी का पुतला जलाया। सूचना पर कोतवाली, सदरबाजार, गोविंद नगर पुलिस पहुंच गई। इस दौरान लालबाबू यादव ने डीएम के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विजय कुमार और सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी को सौंपा।
सीओ सिटी ने बताया कि मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट कर रहे हैं। इस दौरान भोला यादव, महेश यादव, सभासद रवि यादव, सुरेश यादव, गोविंद यादव, दयाल यादव, राम यादव आदि प्रमुख रूप से साथ रहे।