परिक्रमा मार्ग स्थित आनंद धाम के समीप बीते तीन दिन से चल रही उत्तरप्रदेश जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप में शुक्रवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। यहां से 127 खिलाड़ियों का चयन किया गया जो 24 फरवरी को गाेंडा में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों के फाइनल मुकाबलों में फ्री स्टाइल प्रतियोगिता के 60 किग्रा वर्ग में अरविंद कुमार ने कमल चौहान को, 96 किग्रा में बाबर ने प्रयास सोम को पराजित किया।
वहीं ग्रीको रोमन प्रतियोगिता के 60 किग्रा में गौरव दूहुन ने अरविंद यादव को, 96 किग्रा में सुमित ने अजीत यादव को हराया। जूनियर वर्ग में 50 किग्रा में सुरेंद्र यादव ने सूनीष खोखर को और 55 किग्रा. में सिकंदर सोनकर ने जितेंद्र कुमार को चित्त किया।
समापन समारोह में मथुरा कुश्ती संघ अध्यक्ष डा. हरिओम चतुर्वेदी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से विजयी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अशोक चौधरी, सतपाल यादव, सलीम, प्रदीप कुमार, कृष्णा, डा. धर्म सिंह, गोविंद चतुर्वेदी, अशोक पहलवान आदि उपस्थित थे।