जाजम पट्टी पर पहुंचे राजस्थान से आए प्रवासी मजदूर।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। राजस्थान के विभिन्न जनपदों से मजदूरों के आने का सिलसिला जारी है। मजदूरों की आखिरी बस सोमवार तड़के सुबह तक आएगी। आने वाले लगभग 4500 मजदूरों में से कोई बुखार का रोगी नहीं निकला। चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रत्येक मजदूर को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उसके जनपद की बस में बैठाया जा रहा है। रविवार शाम तक करीब 140 बस आ गईं।
राजस्थान के विभिन्न जनपदों में काम कर रहे करीब 6.5 हजार मजदूरों को उनके घरों पर भेजने का काम चल रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के रहने वाले मजदूरों को राजस्थान के अलग-अलग जनपद से मथुरा लाया जा रहा है। मथुरा में जाजमपट्टी पर एक नर्सिंग स्कूल मेें इसका सेंटर बनाया गया है। शनिवार रात से लेकर रविवार शाम तक करीब 4.5 हजार मजदूर आ चुके थे।
इन सभी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उनके जनपदों की बसों के माध्यम से भेज दिया गया। मौजूद चिकित्सकों की टीम को मजदूरों में से किसी का तापमान बढ़ा नहीं मिला। यह मजदूर सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे तक आएंगे। एसपी देहात श्रीश चंद्र ने बताया कि मजदूरों के आने का सिलसिला जारी है। कुल 250 बसें आएंगी।