मथुरा। यूपी वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में स्थापित हो रही कोविड-19 लैब का मुआयना करने के लिए रविवार को लखनऊ से किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की टीम मथुरा पहुंची। यहां टीम ने स्थापित हो रही लैब का निरीक्षण किया। कुछ और आवश्यक पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार के आग्रह पर वेटरनेरी यूनिवर्सिटी द्वारा माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कोविड-19 लैब की स्थापना की जा रही है। इसे कोविड-19 के तय मानकों पर परखने के लिए रविवार को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ से टीम यहां आई। टीम में डॉ प्रशांत गुप्ता (माइक्रोबायोलॉजी) और डॉ. कुशाग्र गौरव (सर्जन) शामिल हैं। टीम ने डीन वेटरनेरी साइंस डॉ. एसके गर्ग के साथ लैब का निरीक्षण किया। इसमें कई आवश्यकताएं अभी और पूरी करने के लिए कहा है। टीम ने निरीक्षण उपरांत कुलपति डॉ. जीके सिंह से भी मुलाकात की है।
डीन डॉ. एसके गर्ग ने बताया कि जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से आए विशेषज्ञों ने कुछ आवश्यकताएं और पूरी करने के लिए कहा है। इन्हें पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा मुंबई से आ रही एक मशीन बीच रास्ते में रोक ली गई है। कुछ रसायन बंगलूरू से मंगाए गए हैं। इसके साथ ही लैब में कुछ और परिवर्तन तथा आवश्यक उपकरण लगा जाएंगे।
जांच के लिए मथुरा पहुुंची 100 किट
वेटरनेरी यूनिवर्सिटी से प्रशिक्षण के लिए गई चार सदस्यीय टीम रविवार को लखनऊ से वापस लौट आई है। इस टीम में डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. देवेंश शर्मा और डॉ. विजय प्रताप सिंह शामिल रहे। टीम प्रारंभिक तौर पर जांच के लिए 100 किट साथ लाई है। कोविड-19 की जांच शुरू होगी।