मथुरा। भारतीय जनता पार्टी की मंडल कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सोमवार को पदाधिकारियों ने इसकी रणनीति तैयार की और करीब दो घंटे तक मंथन चला।
यह बैठक ओम मैरिज होम में की गई। इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा है कि मंडल की कार्यकारिणी में छह उपाध्यक्ष, छह मंत्री, दो महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष और एक मीडिया व सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संगठन के अनुसार मंडल टीम में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व महिलाएं, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित वर्ग के कार्यकर्ता करेंगे। इससे सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंडल प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि सक्रिय सदस्यता रखने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यह पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और सक्रियता पर आधारित है और यही मूलमंत्र नए गठन में भी अपनाया जाएगा। ग्राम प्रधान रणवीर सिंह, तरुण सैनी, मंडल अध्यक्ष राजेश चौधरी, कुलदीप शर्मा, राहुल शर्मा, हरिओम शर्मा, मोर मुकुट वर्मा, अनिल चौधरी, डॉ. जितेंद्र आदि लोग मौजूद थे।