जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान लोगों से पूछताछ करते जिला अधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। डीएम सवर्ज्ञराम मिश्रा ने बुधवार को महिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने नवजात शिशु वार्ड एवं मदर केयर वार्ड को भी देखा। अस्पताल के मुख्य दरवाजे पर मौजूद सुभाष नगर निवासी पूनम से सैनिटाइजर, डॉक्टरों द्वारा इलाज करने तथा दवाई उपलब्ध कराने के संबंध में भी जानकारी ली। वहीं, मातृछाया वार्ड में जाकर महिला डॉक्टर कल्पना, कृष्णा एवं मीनाक्षी से ओपीडी में आई महिलाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि 130 महिलाएं आई हैं, जिनमें से अधिकांश महिलाएं सामान्य हैं।
सामान्य मरीजों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है। डीएम ने नवजात शिशु वार्ड का भी अवलोकन किया, जिसमें 9 बच्चे मौजूद थे। उन्होंने बच्चों की स्थिति तथा उन्हें दिए जाने वाले उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नोडल अधिकारी केके माथुर से अस्पताल में सैनिटाइज कराने, चादरों को बदले जाने तथा दवाई की उपलब्धता जानकारी प्राप्त की। इसके बाद डीग गेट के मदर केयर वार्ड का निरीक्षण कर महिला फरजाना से भोजन पानी की व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने गीता मेहता नर्सिंग होम का निरीक्षण किया।
नौहझील निवासी रीना अग्रवाल से सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग, आक्सीमीटर की जानकारी प्राप्त की। डॉ. राकेश मेहता ने बताया कि जिन मरीजों का टेंपरेचर अधिक होता है, उनकी अलग से व्यवस्था की गई है।