मांट। कस्बा स्थित देसी शराब के ठेके के विरोध में इलाके की महिलाएं उतर आई हैं। मंगलवार को कई महिलाएं तहसील कार्यालय पर पहुंचीं और ठेके को हटवाने की मांग की। एसडीएम मांट ने महिलाओं को आश्वासन दिया है कि वह मामले में मदद करेंगी।
दरअसल, मंगलवार दोपहर कस्बा निवासी करीब एक दर्जन से ज्यादा महिलाएं एसडीएम मांट रितु सिरोही से मिलने तहसील मुख्यालय पहुंचीं। यहां महिलाओं ने मांग की कि नौहझील रोड स्थित आबादी क्षेत्र में स्थापित देसी शराब के ठेके को हटवाया जाए। महिलाओं ने बताया कि शराब के कारण उनके परिवार टूट रहे हैं। उनके परिवार के पुरुष अपनी कमाई को शराब में उड़ा रहे हैं। महिलाएं मेहनत मजदूरी कर बच्चों को पाल रही हैं।
बबली गौड़ ने बताया कि आबादी के पास शराब ठेका होने के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। महिलाएं और युवतियां ठेके वाले क्षेत्र से गुजरने में डरती हैं। इस पर एसडीएम रितु सिरोही ने महिलाओं को भरोसा दिलाया है। कहा कि वह अपने स्तर से पूरी मदद करेंगी।