वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित गौरी गोपाल आश्रम में ठहरने की एवज में मोटी रकम न देने पर एक कर्मचारी ने मध्यप्रदेश की महिला को गालियां देते हुए रात को बाहर निकाल दिया। महिला रात भर रोती रही, लेकिन कोई मदद को नहीं आया। पीड़िता ने इस मामले में आश्रम के एक व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।
मध्य प्रदेश के बाला घाट जिले के गांव पुलपूट्टा निवासी वर्षा सुहाग पूरे पत्नी दुर्गा प्रसाद 15 अक्तूबर को गौरी गोपाल आश्रम पहुंचीं। कर्मचारी ओपी शास्त्री नामक व्यक्ति ने महिला को आश्रम द्वारा संचालित गोदाम्बा भवन में रुकने के लिए कहा। इस दौरान किराए को लेकर कोई बात नहीं हुई। महिला का आरोप है कि दूसरे दिन ओपी शास्त्री ने उससे 5 हजार रुपए किराया मांगा। महिला ने इतना किराया देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज कर गेट से बाहर निकाल दिया।
महिला ने बताया कि वह रातभर आश्रम के बाहर रोती रही, लेकिन कोई भी उसकी सहायता के लिए नहीं आया। गौरीगोपाल आश्रम के प्रवक्ता मनीराम शर्मा ने बताया कि किसी भी भक्त को दो दिन आश्रम में ठहरने दिया जा सकता है, लेकिन महिला पांच दिन ठहरने के लिए कह रही थी। इतने दिन के लिए आश्रम में कमरा नहीं दिया जाता है। महिला द्वारा लगाए आरोप निराधार है।