सौंख। रविवार शाम धान की फसल से लदे एक टेंपो के पीछे खिसकने से एक वृद्ध महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना मगोर्रा के गांव सोन निवासी राजवती देवी (52) रविवार रात करीब 8:30 बजे अपने नोहरे से घर लौट रही थीं। रास्ते में धान की फसल से भरा एक टेंपो खड़ा था। अचानक वह टेंपो पीछे की ओर खिसकने लगा। राजवती देवी उसकी चपेट में आ गईं। वह बुरी तरह घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने राजवती देवी को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि टेंपो के अचानक पीछे खिसकने से चपेट में आई महिला की मौत हो गई। संवाद