मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेस वे पर कोरोना संक्रमित होने के शक में बस से उतारी गई युवती की मौत के मामले में महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए एसएसपी को कार्रवाई के लिए नोटिस भेजा है। एसपी ग्रामीण ने मामले की जांच करते हुए टोल कर्मियों के बयान दर्ज किए हैं।
फिरोजाबाद में थाना शिकोहाबाद के गांव नगला हीरा सिंह निवासी सुशील यादव की पत्नी सर्वेश कुमारी अपनी हंसिका (19) को लेकर दिल्ली से रोडवेज बस में यमुना एक्सप्रेस वे से होकर गांव आ रही थी। पथरी के दर्द के कारण हंसिका की जाबरा टोल के पास अचानक तबियत बिगड़ गई थी। यह देख चालक-परिचालक मांट टोल से करीब 200 मीटर पहले ही बस रोक कर मां-बेटी को जबरन नीचे उतार गए थे। तड़पती युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ तोड़ दिया था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण हार्ट अटैक आया था।
इधर, इस घटना का संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने एसएसपी को नोटिस भेजते हुए इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र व एसपी क्राइम अशोक कुमार राय मामले की जांच करने यमुना एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर पहुंचे और 15 जून को ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों व एक्सप्रेस ऑथोरिटी के सुरक्षाकर्मियों, टोल बूथ पर तैनात कर्मचारियों से बातचीत कर बयान दर्ज किए।
एसपी देहात ने बताया कि अब मृतका के भाई के बयान लेने के लिए उसे बुलाया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक भीम सिंह जावला, टोल चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी मौजूद थे।