गोवर्धन(मथुरा)। मथुरा- गोवर्धन मार्ग पर सड़क हादसे में जेहर चढ़ाने के लिए मायके से ससुराल आ रही बाइक सवार विवाहिता व देवर की मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर रात हुआ। अड़ींग गांव निवासी सतीश की शादी चार माह पूर्व मगोर्रा थाना क्षेत्र के बछगांव निवासी हेमा के साथ हुई थी। 24 फरवरी को हेमा अपने चचेरे भाई की शादी में ससुरालियों के साथ मायके गई थी।
ससुराल के अन्य लोग तो वापस आ गए, लेकिन विवाहिता वहीं रुक गई। शादी के बाद की पहली महाशिवरात्रि पड़ने के कारण ससुराल वालों ने हेमा (19) को बुलाने के लिए देवर ज्ञानी को भेजा। ज्ञानी (23) बाइक से भाभी को मायके से लेकर आ रहा था। मथुरा- गोवर्धन मार्ग पर पालई गांव के समीप गलत दिशा में पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को चपेट में ले लिया।
हादसे में हेमा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने भी दम तोड़ दिया। देवर- भाभी की मौत की खबर सुनते ही घरवाले गमगीन हो उठे। थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दोनों बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।