मथुरा मंडी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में सात आढ़त और भारी मात्रा में सब्जियां जलकर राख हो गईं। दमकल की टीम ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन लाखों का नुकसान हो गया।
मथुरा मंडी समिति में मंगलवार दोपहर को शॉर्ट सर्किट से दुकानों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और सब्जियों की सात आढ़त चपेट में आ गईं। 20 क्विंटल प्याज और 15 क्विंटल लौकी जल गई। तेज लपटें और धुआं उठते देखकर मंडी में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचीं दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
यह घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। आग की चपेट से मुनन हनीफ फ्रूट कंपनी, प्रकाश ट्रेडिंग कंपनी, रघुराज एंड कंपनी, राजकुमार सिंह एंड ब्रदर्स, करहरिया एंड संस, दिनेश चंद एंड संस और ऑफिसर कुरैशी केले वालों आढ़तों में नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना कि एक आढ़त से धुआं उठते देखा। इसके बाद धीरे-धीरे आग विकराल हो गई। आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।
20 क्विंटल प्याज, 15 क्विंटल लौकी, पंखा, दस्तावेज, क्रेट, कांटे समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें देख मौजूद लोगों दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन सामान जल गया। सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि काफी नुकसान हुआ है। हालांकि समय रहते आग पर काबू पाया लिया गया।