बांकेबिहारी मंदिर में केक ले जाने रोकती पुलिस।
वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में बरेली के महापौर द्वारा केक काटने की घटना पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौड़ ने विरोध दर्ज कराया। शुक्रवार को वह केक लेकर मंदिर पहुंच गईं। यहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें केक लेकर मंदिर परिसर के अंदर जाने से रोक दिया। इस पर उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार के पास में ही केक काटा।
मीरा राठौड़ का आरोप है कि वह मंदिर के भीतर केक लेकर जाना चाहती थीं लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार के पास ही केक काटकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मंदिर प्रशासन और पुलिस पर भेदभाव का आरोप लगाया। कहा कि कुछ दिन पहले बरेली के महापौर को मंदिर के जगमोहन में केक काटने की अनुमति दी गई थी जबकि उन्हें ऐसा करने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि मंदिर में वीआईपी व्यवस्था को लेकर दोहरे मानदंड अपनाए जा रहे हैं। आम श्रद्धालुओं के साथ समान व्यवहार नहीं किया जा रहा है। मीरा राठौड़ ने कहा कि उनका केक पूरी तरह से शाकाहारी था और प्रबंधन तंत्र कहने लगा कि यहा अंडायुक्त है। उनका उद्देश्य मंदिर में किसी भी प्रकार नियमों का उल्लंघन करना नहीं था लेकिन नियम सबके लिए एक जैसे ही होने चाहिए।