मथुरा। हत्या के प्रयास में वांछित आरोपी ने जमानती वारंट को खत्म कराने के लिए पहले एडीजे स्पेशल ईसी कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। फिर जमानत याचिका खारिज होने के बाद वह कोर्ट से भाग गया, लेकिन कोर्ट परिसर में मौजूद एसएसएफ के जवानों ने उसे पकड़ लिया।
दरअसल, छाता थाना के गांव दौताना निवासी अनीश पर साल 2012 में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। वह लंबे समय से मामले में वांछित चल रहा था। कोर्ट ने उसके गैर जमानती वारंट जारी किए थे। सोमवार को अनीश ने अदालत में वारंट खत्म कराने के लिए आत्मसमर्पण किया, लेकिन कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया।
जमानत याचिका खारिज होने का पता लगते ही अनीश अदालत से भागने का प्रयास करने लगा। कोर्ट मोहर्रिर संजय उपाध्याय शोर मचाते हुए उसके पीछे भागे। न्यायालय परिसर की सुरक्षा में तैनात एसएसएफ के जवानों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।