फोटो 1: मृतक किसान रूप सिंह का फाइल फोटो , फोटो परिजन फोटो 2: गांव बछगांव में घटनास्थल पर मौजू
- फोटो : mathura
सौंख (मथुरा)। बारिश से जलमग्न बाजरे की फसल को खेत पर देखने जा रहे वृद्ध किसान की पैर फिसलने से पोखर में डूबने से मौत हो गई। किसान की परिजन ने काफी खोजबीन की। दूसरे दिन पोखर में शव उतराता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना मगोर्रा के गांव बछगांव निवासी रूप सिंह (80) ने अपने खेत में बाजरे की फसल बोई थी। पिछले दिनों हुई तेज बारिश से फसल जलमग्न हो गई थी। शनिवार रात भी तेज बारिश हुई। इससे रूप सिंह फसल को लेकर चिंतित थे। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे वह जलमग्न फसल को देखने खेत पर जा रहे थे। कोथरा मार्ग स्थित एक पोखर के पास कीचड़ हो जाने से पैर फिसला और किसान पोखर में गिर गया। इससे उनकी मौत हो गई। जब खेत से किसान घर नहीं लौटा तो परिजन ने खोजबीन की। पड़ोसी गांव कोरेर, कोथरा व नगला आशा में तलाश किया लेकिन रूप सिंह का कोई पता नहीं चला।
सोमवार को रास्ते से निकल रही महिला बाला देवी ने पोखर में शव देखा तो ग्रामीणों को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया। पुत्र हरी सिंह ने बताया कि पिता बारिश के चलते जलमग्न फसल को देखने खेत पर जा रहे थे। पैर फिसलने से पोखर में गिर गए और मौत हो गई। सीओ अनिल कुमार सिंह का ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।