जिला मुख्यालय मार्ग पर बीच होकर गुजरते लोग।
मथुरा। शनिवार दोपहर अचानक से मौसम बदल गया। आंधी के साथ बदल छा गए और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे अधिकतम तापमान एक डिग्री लुढ़क गया। मौसम विभाग ने रविवार से तापमान में और गिरावट होने का पूर्वानुमान जारी किया है।
शनिवार सुबह से चटक धूप निकली। दिन चढ़ते-चढ़ते सूरज के तेवर ढीले हो गए। दोपहर करीब एक बजे तेज हवा चलने गली और बादल छा गए। हल्की बूंदाबांदी से मौसम में नरमी देखने को मिली है। मौसम में आए बदलाव के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। शनिवार दोपहर का तापमान एक डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया।
मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, इस सप्ताह तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। हालांकि रविवार से लगातार पारा लुढ़कने के आसार जताए जा रह हैं। आने वाले 24 घंटों के दौरान भी मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा। दिन के समय हवाएं चलेंगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस सप्ताह में बारिश के आसार बन रहे हैं। इस कारण लोगों को दोबारा फिर धुंध का सामना करना पड़ सकता है।