मथुरा। जाटव बस्ती मनोहरपुरा में पानी की समस्या दिनोंदिन विकराल होती जा रही है। बस्ती के एक हिस्से में जमीन के अंदर खारा पानी है। जोशी मोहल्ला और भार्गव गली के ट्यूबवेल का पानी नहीं आ पाता। इसके चलते यहां के लोग पीने के पानी के लिए काफी परेशान रहते हैं। इनकी समस्या का निदान सिर्फ बैराज से होने वाली गंगाजल की आपूर्ति है।
वार्ड 38 में कहने को तो वर्ष 1915 की बनी लोहे की पानी की टंकियां मौजूद हैं। जिनसे न केवल इस क्षेत्र को बल्कि चौबियापाड़ा तक को पानी की सप्लाई होती है लेकिन इसी क्षेत्र की जाटव बस्ती की आधी आबादी पानी के लिए परेशान रहती है। इसका मुख्य कारण इस क्षेत्र में जमीन के अंदर का पानी का खारा होना है। जिससे लोग निजी सबमर्सिबल लगाकर भी पानी नहीं पी सकते हैं। जबकि इसके आसपास जोशी मोहल्ला तथा भार्गव गली में लगे पंप का पानी यहां तक नहीं पहुंचता है।
लोग बोले, हमारी समस्या कब दूर होगी
हमारी समस्या कब दूर होगी। हमने इस संबंध में कई दफा स्थानीय पार्षद से भी कहा था लेकिन उनके द्वारा भी समस्या का निदान नहीं कराया है। हम लोग पानी के लिए परेशान हैं।
मुंद्रा, जाटव बस्ती
हमें पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। जमीन के अंदर का पानी खारा है। जिसके चलते पीने के पानी की काफी समस्या है बनी हुई है। यदि गोकुल बैराज का पानी आ जाय तो समस्या का समाधान हो जाएगा।
तारावती जाटव बस्ती
गर्मी में यदि पीने का पानी ही नहीं मिलेगा तो फिर क्या होगा। हम पीने के पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। हमारी अधिकारियों से प्रार्थना है कि समस्या का समाधान होना चाहिए।
अनिल कुमार, जाटव बस्ती
हमें पानी नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते हम काफी परेशान हैं। जमीन के अंदर का पानी खारा है। जिसके चलते हम अपने खुद के घरों में सबमर्सिबल लगाकर भी मीठा पानी नहीं पी पाते हैं।
जितेंद्र, जाटव बस्ती
बैराज की पाइप लाइन बिछे तो मिले राहत
यदि गोकुल बैराज की पाइप लाइन इस बस्ती तक डाली जाए तो यहां की पानी की समस्या का समाधान हो सकता है। चूंकि इस क्षेत्र का जमीनी जल बहुत ही खारा है इसलिए यहां पर बोरिंग का कोई अर्थ नहीं रह जाता है।
शाहिदा पार्षद वार्ड 38