मथुरा। वार्ड 24 की राधेश्याम कॉलोनी के लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते लोगों का काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दूसरों के घरों पर जाकर पानी भरना उनकी आदम में शुमार हो चुका है। विगत 24 घंटे से बिजली न होने पर उन्हें और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की पाइप लाइन ही नहीं है
पानी की पाइप लाइन ही नहीं पड़ी है। इससे पुष्प बिहार कॉलोनी तक पानी ही नहीं आ रहा है। किसी प्रकार से दूसरों के घरों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। कई दफा शिकायतें की हैं, परंतु कोई सुनवाई को तैयार नहीं है।
- सुनीता उपाध्याय, पुष्प बिहार कॉलोनी
दूर से पानी लाकर बुझाते हैं प्यास
सुबह उठकर पानी की चिंता करनी पड़ती है। जब तक पानी नहीं भर लेते तब तक घर का कोई काम नहीं कर पाती हैं। इसकी कई बार शिकायतें भी की गईं, परंतु निगम द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
- कमलेश, पुष्प बिहार कॉलोनी
नाम का शहर, हालात गांव से बदतर
कहने को शहर है, पर हालात गांव से भी खराब हैं। गांव में जब बिजली नहीं आती तो जल के संसाधन रहते हैं कि लोग प्यास बुझा लें। लेकिन यहां पानी तो पहले से ही नहीं था अब 24 घंटे से बिजली भी नहीं है।
- कोमल प्रसाद, पुष्प बिहार कॉलोनी
रहते हैं परेशान नहीं कोई समाधान
आज, कल, परसों सुनते-सुनते तंग आ गए हैं। आसपास क्षेत्रों में पाइप लाइन डाली जा रही है। कहीं डल भी गई है, परंतु इसका कोई समाधान नहीं है। इसके चलते पूरा परिवार परेशान है। पता नहीं कब तक समाधान हो सकेगा।
- मदन सिंह, पुष्प बिहार कॉलोनी
जल्द ही पाइप लाइन डाली जाएगी
इस क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन जल्द ही डाली जाएगी। पानी की लाइन डलने के बाद इस क्षेत्र की समस्या का समाधान हो जाएगा।
- राधेश्याम, एई जलकल