जंक्शन पर लगे वाटर एटीएम के पानी के सैंपल दो बार आए फेल
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे अधिकारियों की उदासीनता के चलते जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। जंक्शन रेलवे स्टेशन पर लगे वाटर एटीएम के नमूने गत माह में दो बार फेल आ चुके हैं। इसके बाद भी जंक्शन पर एटीएम से पानी की बिक्री की जा रही है।
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को सस्ता, शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए एक निजी कंपनी ने आठ वाटर एटीएम मशीन लगाई हैं। इन मशीनों से पांच रुपये प्रति लीटर के हिसाब से आरओ का ठंडा पानी यात्रियों को बेचा जाता है।
फरवरी माह के पहले सप्ताह में रेलवे के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने वाटर एटीएम से लिए गए पानी का सैंपल जांच को आगरा की लैब में भेजा था। सैंपल फेल आया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने वाटर एटीएम कंपनी संचालक को इसमें सुधार के लिए नोटिस जारी किए।
मशीनों की सफाई, आरओ प्लांट के फिल्टर आदि बदलने को कहा लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। धड़ल्ले से निर्धारित टीडीएस से अधिक वाला पानी बेचा जा रहा है। अब फरवरी के आखिरी सप्ताह में वाटर एटीएम से लिए गए पानी के नमूने फिर से आगरा की रेलवे प्रयोगशाला में फेल आए हैं। जाहिर है इस बीच में वाटर एटीएम में कोई सुधार नहीं हुआ।
मानक से अधिक टीडीएस
रेलवे जंक्शन पर लगे वाटर एटीएम से 100 से कम टीडीएस का पानी मिलना चाहिए। सैंपल जांच के बाद मिली आगरा नगर निगम की रिपोर्ट में निर्धारित मानकों से अधिक टीडीएस (टोटल डिजोल्व्ड सॉलिड) पाया गया है। पानी को ‘हानिकारक’ करार दिया गया है।
मथुरा जंक्शन पर लगी वाटर एटीएम से लिए गए पानी की जांच में मानकोें का अनुपालन न कराया जाना पाया गया है। इसके लिए सीनियर डीसीएम को अवगत कराया है और मशीन संचालक को नोटिस जारी कर सुधार को कहा गया है।
-जेपी उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रेलवे