पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े आरोपी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रिफाइनरी थाने से चंद कदम की दूरी पर आठ किलो से ज्यादा चांदी लूटने वाले 25-25 हजार रुपये के इनामी वांछित तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में तीनों की टांग में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मुखबिर की सूचना पर रविवार को पुलिस ने वांछित तीन आरोपियों को गांव बाद में रेलवे स्टेशन के पास जंगलों में घेर लिया। पुलिस को देख आरोपियों ने गोलियां चलाना शुरू कर दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आगरा के मलपुरा थाने के जरूआ कटरा निवासी लक्ष्मण और आशीष की टांग में गोली लग गई, जबकि वारदात के मास्टरमाइंड अमन उर्फ नवदीप के हाथ व टांग में गोली लगी।
अमन के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं में आगरा व मथुरा में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ श्वेता वर्मा ने बताया कि चांदी का बंटवारा करने के लिए आरोपी रेलवे स्टेशन के निकट जंगल में पहुंचे थे। इसी दौरान कार्रवाई की गई। आरोपियों के पास से 5.5 किलोग्राम चांदी, एक बाइक, तीन तमंचे समेत अन्य सामग्री बरामद की है।
आगरा के कश्मीरी बाजार निवासी मनोज कुशवाह चांदी के कारोबारी हैं। 8 दिसंबर को न्यू आगरा के नगला पदी निवासी उनका कर्मचारी जतिन कुशवाह 8 किलो से अधिक चांदी लेकर मथुरा आ रहा था। इसी दौरान रिफाइनरी थाने के निकट लुटेरों ने घात लगाकर चांदी लूट ली थी।
घटना के दूसरे दिन पुलिस ने अगनपुरा रास्ते से आगरा के थाना कागरौल के नगला जोधना निवासी रजित और प्रमोद उर्फ छोटू को मुठभेड़ में पकड़ा था। इनके पास से 4 किलो 400 ग्राम चांदी बरामद की थी। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों पर एसएसपी श्लोक कुमार ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
">http://