मथुरा। नगर निगम ने वृंदावन जोन में छह वार्डों के प्रमुख मार्ग, जर्जर नाले-नालियां की मरम्मत के साथ-साथ फुटपाथ पर हरियाली लगाने का खाका खींचा है। करीब 20.28 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य कराया जाएगा। इसमें से शासन ने 10 करोड़ रुपये की राशि आवंटित कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्दी कार्य कराया जाएगा।
प्रस्ताव के अनुसार वार्ड-51 में गोधुलिपुरम मुख्य मार्ग से मांट रोड तक नाली, फुटपाथ के साथ-साथ मार्ग का आरसीसी निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह वार्ड-50 में यात्री निवास से हरिदेव मंदिर व रंगजी मंदिर के पीछे वाले गेट से टटिया स्थान परिक्रमा मार्ग तक नाल व रोड का आरसीसी निर्माण होगा। वार्ड-13 में सुनरख तिराहे से गणेश सिटी के पास तक रामताल रोड के फुटपाथ का इंटरलॉकिंग और मार्ग का आरसीसी निर्माण, चुंगी चौराहे से मिर्जापुर धर्मशाला तक डामर सड़क निर्माण और चुंगी चौराहे से अटल्ला चुंगी चौराहे तक फुटपाथ पर हरियाली लगाई जाएगी।
वार्ड-69 में बांकेबिहारी पाठशाला से हरिनिकुंज चौराहे तक मार्ग का निर्माण, वार्ड-13 में परिक्रमा मार्ग से सुनरख तिराहे तक आरसीसी निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य, सुनरख तिराहे से लोटस गार्डन तक नाली व मार्ग का सौंदर्यीकरण कार्य होगा। वार्ड-9 में श्रीबांकेबिहारी मंदिर मार्ग में गौतम पाड़ा तिराहे से विद्यापीठ चौरहे तक नाली के साथ मार्ग का आरसीसी निर्माण होगा। फुटपाथ के दोनों ओर सुगंधित फूलों के गमले लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि कार्यों की शासन से मंजूरी मिल गई है। आधी धनराशि भी आवंटित की है। फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है, इसके बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।