कोसीकलां/ मथुरा। श्री कोसीकलां अग्रवाल सभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान रविवार प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक अग्रवाल धर्मशाला सरायशाही में होगा। इसके लिए तीन बूथ बनाए गए हैं। कुल 2751 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर अध्यक्ष और मंत्री को चुनेंगे।
चुनाव अधिकारी राहुल अग्रवाल एडवोकेट के अनुसार मतदान परिसर में प्रचार निषेध रहेगा। परिसर में खान-पान की स्टॉल भी नहीं लगेगी। मतदान कक्ष में प्रत्याशियों के एक-एक एजेंट ही रहेंगे। मतों की गिनती रविवार को शाम 6 बजे से शुरू होगी। मतों की गिनती के लिए दो टेबल लगाई जाएंगी। रात्रि में ही परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
अध्यक्ष पद पर आमने-सामने मुकाबला है, जबकि मंत्री पद के चुनाव में चार लोग आमने-सामने हैं। मतदान के लिए मतदाता आधार कार्ड साथ लेकर आएं। अध्यक्ष पद के लिए दिनेश बठैनिया, संजीव जाविया मंत्री पद के लिए रामकिशन फालैनिया, जगदीश गोयल, महेश गोयल, संजय बठैनिया चुनाव मैदान में हैं, जबकि संजय बठैनियां ने रामकिशन फालैनिया को समर्थन देकर चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया।
इधर, कोसीकलां अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पद के दावेदारों ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को पूरी ताकत झोंक दी। दिनेश बठैनिया ने अग्रसेन तिराहा पर महाराजा अग्रसेन की पूजा करके समर्थकों समेत जनसंपर्क किया। वहीं, संजीव जाविया ने जनसंपर्क कर समर्थन जुटाया। दोनों प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे तो मतदाता खामोश हैं।