छाता (मथुरा)। शनिवार की शाम कोकिलावन धाम के दर्शन करके हाथरस लौट रही सवारियों से भरी वॉल्वो बस बाइक सवार को बचाने में आगरा-दिल्ली हाईवे पर छाता के गौंहारी कट के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस सवारों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े। सवारियों को सकुशल निकाला गया। 12 सवारियां चुटैल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे साधन से घर भेजा गया।
68 सवारियों से भरी वॉल्वो बस कोसीकलां के कोकिलावन धाम से शनिदेव महाराज के दर्शन करने के बाद हाथरस के लिए चली। बस हाईवे पर गौंहारी कट के पास पहुंची तो आगे चल रहे बाइक सवार को बचाने के चलते अनियंत्रित होकर बस बायीं तरफ सड़क किनारे पलट गई। बस सवारियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बस की सवारियों को निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया। काफी देर बाद पहुंची छाता पुलिस ने बस को क्रेन से सीधा कराकर थाने पहुंचाया। उधर, अन्य दुर्घटना में तिरुपति धर्मकांटा के पास अग्रवाल ढाबे के स्वामी के बेटे मोहित अग्रवाल की कोसीकलां जाते हुए आई झपकी से अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार सवार दो लोग घायल हो गए।