यूपी के मथुरा जिले से पुलिस की दबंगई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक पुलिसकर्मी ठेले वाले को थप्पड़ जड़ रहा है। पास ही खड़ी मासूम बच्चे को गोद में लिए महिला चीखती और चिल्लाती दिख रही है।
मथुरा के वृंदावन में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पुलिसकर्मी की दबंगई का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक ठेले संचालक के साथ हाथापाई और थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान पास ही खड़ी एक महिला हाथ में मासूम बच्चे को लिए चीखती-चिल्लाती रही। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश फैल गया है।
वीडियो मथुरा-वृंदावन नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई का बताया जा रहा है, जो शनिवार को वृंदावन की कच्ची सड़क क्षेत्र में हुई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि नगर निगम और सुरक्षाबल के जवान अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक ठेले वाले के पास खड़े वर्दीधारी पुलिसकर्मी और ठेले संचालक के बीच कहासुनी हो जाती है। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि पुलिसकर्मी ने आपा खो दिया और ठेले वाले को थप्पड़ मार दिया।
वर्दी पर उठे गंभीर सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने खाकी के इस रवैये पर कड़े सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाना भी था, तो नियम-कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए थी, न कि किसी गरीब ठेले वाले पर बल प्रयोग और मारपीट की जानी चाहिए।