साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में पुलिस की मेहनत रंग ला रही है। यूपी के मथुरा के गांव दाैलतपुर में ग्रामीणों ने 64 मोबाइल पुलिस को साैंपे हैं। इन मोबाइल का इस्तेमाल साइबर अपराधी करते थे।
साइबर ठगी के लिए बदनाम मथुरा के दौलतपुर गांव में पुलिस की मुहिम रंग लाती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने पंचायत करके साइबर ठगी से दूर रहने के लिए धर्मग्रंथों की सौगंध खाई थी। इसके बाद ग्रामीणों की कमेटी ने साइबर अपराधों में प्रयुक्त मोबाइलों को पुलिस को सौंपने की चेतावनी दी। इसके बाद गांव के 64 लोगों ने अपने मोबाइल कमेटी को दिए। कमेटी ने थाना प्रभारी को गांव बुलाकर मोबाइल पुलिस के सुपुर्द कर दिए।
विज्ञापन
गांव दौलतपुर में पिछले दिनों साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस और ग्रामीणों की बैठक अपराधियों पर शिकंजे की गवाह बनी थी। टटलूबाजी के खिलाफ ग्रामीण एकजुटता से पुलिस के साथ खड़े नजर आए थे। पुलिस ने ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा था की साइबर ठगी में प्रयुक्त जितने भी मोबाइल फोन गांव में मौजूद हैं, उन्हें जल्द से जल्द ग्राम प्रधान के द्वारा पुलिस को सौंप दें।
इसके बाद गांव के लोगों ने मीटिंग करके 20 लोगों की कमेटी बनाई थी। कमेटी के रफीक खां, पप्पू खां, रमजान, उम्मर, लीली व अन्य ग्रामीणों ने साइबर अपराध में प्रयोग किये जाने वाले कुल 64 मोबाइल फोन थाना प्रभारी निरीक्षक के सुपुर्द कर दिए।