नौहझील (मथुरा)। यमुना नदी के तटीय गांवों लगातार जलस्तर बढ़ने के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल व्याप्त गया है। सोमवार को प्रशासन ने कई गांवों में हालात खराब देख ग्रामीणों को घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए हैं।
गांव अड्डा मीणा, छिनपारई, फिरोजपुर, अड्डा मल्हान, अड्डा जाटव, बाघर्रा, बरौठ, मंडारी, रायपुर, नानकपुर, भैरई, मुसमुना, मुकदुमपुर, खुशलागढ़ी, अनरदागढ़ी, भगवान गढ़ी, तिलकागढ़ी, जाफरपुर, मंगलखोर, इनायतगढ़, दौलतपुर, बसाऊ, देदना, मरहला मुक्खा, भूरगढ़ी,पालखेड़ा, पिथौरा व फरीदपुर में पानी लगातार बढ़ रहा है।
यमुना नदी के रौद्र रूप को देख ग्रामीणों को क्षेत्र में वर्ष 2023 में आयी बाढ़ का खौफनाक मंज़र फिर दिखने लगा है। वहीं हथिनीकुंड से सोमवार सुबह छोड़े गये पानी को लेकर ग्रामीणों को चिंता सताने लगी है। लगातार जलस्तर बढ़ने पर एसडीएम रितु सिरोही व नायब तहसीलदार राकेश उपाध्याय ने अतिसंवेदनशील गांवों का भ्रमण किया। अड्डा मल्हान, छिनपारई, अड्डा मीणा, फिरोजपुर, मांगरखोर व अड्डा जाटव में ग्रामीणों की समस्याएं सुन समाधान कराने को कहा। गांव अड्डा मल्हान में पप्पू, सीताराम, ओमप्रकाश, दीपचंद, हेतराम, सोमिता, बिन्नू, रमेश चन्द्र, फुलेन्द्र, कन्हैया व मनोज के घर तक पानी पहुंच गया है। उन्हें घर खाली कर पशुओं सहित सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है।
मंगलवार शाम तक जलस्तर बढ़ने की संभावना है। एसडीएम रितु सिरोही ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। क्षेत्र में कानूनगो, लेखपाल सहित टीमों को तैनात कर दिया गया है।