बारिश का माैसम आने से पहले नालों की सफाई कराई जा रही है। लेकिन इसमें कोई खेल नहीं हो इसके लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। सफाई से पहले और बाद में नाला की वीडियोग्राफी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मथुरा के कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में नाला सफाई के संबंध में बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में डीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने नाला सफाई से पहले और बाद में वीडियोग्राफी कराने के आदेश दिए।
विज्ञापन
विधायक मांट राजेश चौधरी ने उनके विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले सल्ल ड्रेन, नीमगांव पोखर से बेसवा की तरफ जाने वाला नाला, खेरिया से जमू ड्रेन और हसनपुर नाले की सफाई कराने के साथ ही नीमगांव की पटरी पर पड़ी मिट्टी हटवाने की बात कही। वहीं विधायक गोवर्धन ठाकुर मेघश्याम सिंह ने गांव जानू से बछगांव तक रजबहा की सफाई कराने और नंदगांव रजबहा के गांव दौलतपुर में ओवरफ्लो होने की बात कही। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटवाकर इस समस्या से निजात दिलाई जा सकती है। इसके अलावा गोवर्धन ड्रेन पर चेकडैम बनाने और ग्राम नेरू जानू पर गेट लगाने के लिए कहा।
डीएम ने नाला सफाई के सत्यापन के लिए ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी व तहसील स्तर पर नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी को नामित करने के आदेश दिए। साथ ही यह भी कहा कि नाला सफाई के बाद उसका भुगतान डीएम या सीडीओ की अनुमति के बाद ही किया जाए। इसके साथ ही नाला सफाई के संबंध में एक वाट्सएप ग्रुप बनाकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जोड़ने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
वहीं सीडीओ मनीष मीना ने सहायक अभियंता लघु सिंचाई को निर्देश दिए कि वाटर रिचार्ज यूनिट बनाने में जो भी बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, उन्हें विभागीय नोटिस देते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाए। बैठक में सांसद जनप्रतिनिधि जनार्दन शर्मा भी मौजूद रहे।