कोसीकलां पुलिस ने ईदगाह के पास चेकिंग के दौरान आकाश निवासी अजीजाबाद, हसनपुर पलवल को मय चोरी की बाइक गिरफ्तार किया। उससे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बरामद बाइक को तीन अक्तूबर को चोरी करना स्वीकारा।
मथुरा के कोसीकलां थाना पुलिस ने शनिवार शाम दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। दोनों हरियाणा के पलवल जिले के रहने वाले हैं। इनके पास से चोरी की 15 बाइक बरामद हुईं हैं। आरोपियों को पुलिस ने रविवार को दोनों को जेल भेज दिया।
विज्ञापन
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर बताया कि शनिवार शाम कोसीकलां पुलिस ने ईदगाह के पास चेकिंग के दौरान आकाश निवासी अजीजाबाद, हसनपुर पलवल को मय चोरी की बाइक गिरफ्तार किया। उससे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बरामद बाइक को तीन अक्तूबर को चोरी करना स्वीकारा। साथ ही बताया कि वह अपने दोस्त राहुल निवासी ग्राम बेला, हसनपुर, पलवल (हरियाणा) के साथ बाइकों को चोरी करता है।
बाइकों को चोरी करने के बाद ईदगाह के सामने शिव मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपा देते थे। इसके बाद कुछ बाइकों को सौदा तय होने पर हरियाणा में बेच देते थे। वहीं, अधिकांश बाइक के कलपुर्जे अलग-अलग कर उन्हें कबाड़ियों को बेचते थे। पुलिस ने आकाश की निशानदेही पर 14 और बाइक बरामद कीं। साथ ही उसके साथी राहुल को भी गिरफ्तार किया। एसएसपी के अनुसार दोनों को जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
बाइकों के लॉक तोड़ने में हैं माहिर
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि वाहन चोर आकाश और राहुल बाइकों के लॉक तोड़ने में माहिर हैं। इन्होंने पूछताछ में बताया कि ये गली मोहल्लों व सुनसान स्थान पर खड़ी बाइकों के लॉक तोड़ने के बाद स्विच डायरेक्ट कर बाइक को चोरी कर ले जाकर झाड़ियों में छिपा देते थे। बाद में इनके सामान कबाड़ी को बेचते थे, जिससे की पुलिस की पकड़ में न आ सकें। सीओ छाता गवि त्रिपाठी के अनुसार इन दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इनके साथियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में इंस्पेक्टर अनुज कुमार राणा, एसआई जतिन पाल, अरुण तेवतिया सहित सात पुलिसकर्मी शामिल रहे।