वैलेंटाइन डे पर नगर के प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। जिन श्रीकृष्ण के प्रेम और भक्ति में सारा ब्रज रंगा हुआ है ऐसे प्रभु के दर्शन और पूजा अर्चना कर युवा जोड़ों ने भी अपने प्रेम की सलामती का प्रसाद मांगा।
भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर बांकेबिहारी मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया।
प्रात:काल श्रद्धालुओं ने यमुना स्नान किया, बहुत से श्रद्धालुओं ने वृंदावन पंचकोसीय परिक्रमा देकर पुण्य अर्जित किया। ठाकुर बांकेबिहारी, राधावल्लभ, राधा दामोदर, राधाश्याम सुंदर, राधारमण मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ते रहे।
खूब बिके गुलाब के फूल
वैलेंनटाइन डे पर वृंदावन के मंदिरों के पास गुलाब के फूलों की बिक्री में काफी वृद्धि दर्ज की गई। धर्मनगरी वृंदावन में फूल व्यवसाय पर कभी मंदी नहीं आती, लेकिन वैलेंटाइन डे के मौके पर फूलाें की बिक्री में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।