जीएलए विश्वविद्यालय के पॉलीटेक्निक संकाय में ‘उत्कर्ष 16’ इंटर पॉलीटेक्निक स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया। इसमें क्रिकेट, फुटबाल, वालीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज आदि खेलों में विभिन्न कालेजों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. दुर्ग सिंह चौहान, प्रतिकुलपति प्रो. एएम अग्रवाल, संकाय के एकेडमिक प्रधानाचार्य विकास शर्मा और प्रशासनिक प्रधानाचार्य दिवाकर भारद्वाज, शैक्षिक संकाय की प्राचार्य डा. जया द्विवेदी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती और प्रेरणास्रोत गणेशीलाल अग्रवाल के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर किया।
विभिन्न कालेजों से आए प्रतिभागी छात्रों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. दुर्ग सिंह चौहान ने कहा कि 2000 ई. पूर्व में खेलों के माध्यम से ही समाज में उत्कृष्ट प्रतिभाओं और व्यक्तियों की खोज की जाती थी।
उन्होंने बताया कि खेलों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से एक टीम भावना का विकास कर श्रेष्ठ समाज की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने समस्त प्रतिभागी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
संयोजक आदित्य गौतम ने बताया कि इंटर पॉलीटेक्निक स्पोर्ट्स मीट में एएमयू अलीगढ़, एडीआरएस अलीगढ़, आईवीएस मथुरा, बीएसए मथुरा, संजय इंस्टीट्यूट मथुरा, एपेक्स आगरा, केसीआई सहित दर्जनों कालेजों के करीब 250 प्रतियोगियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि निदेशक प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने विजयी विद्यार्थियों को ट्राफी, मेडल और सर्टिफिकेट वितरित किए। एएमयू से छात्र दल के साथ आए शिक्षक यूनुस खान ने विश्वविद्यालय के अनुशासन, शिक्षा पद्धति, इंफ्रास्ट्रक्चर, लैब्स, हास्पिटेलिटी आदि की प्रशंसा की।
क्रीड़ा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, कोच जेपी सिंह, कोच रोबिन, कोच अमित, फैजुल हसन, शिक्षक रवि बंसल, शिवानी पंकज, संजय अग्रवाल, पवन कुमार वर्मा, नितेश शर्मा, मृदुल दीक्षित आदि मौजूद रहे।