यूपी बोर्ड के रिजल्ट आने के बाद कृष्ण चंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बच्चे उछलकर
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। यूपी बोर्ड ने शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इसमें 91 प्रतिशत अंकों के साथ दीपिका मिश्रा हाईस्कूल और 87.60 प्रतिशत अंकों के साथ सचिन ने जिला टॉप किया है। जनपद में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 86.50 प्रतिशत तथा इंटर का 77.67 प्रतिशत रहा है। इसके आधार पर प्रदेश में मथुरा को हाईस्कूल में 21वां और इंटर में 67वां स्थान मिला है।
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने शनिवार को दोपहर करीब 12.30 बजे यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित किया। मथुरा मेें 91 प्रतिशत अंकों के साथ केएचडी इंटर कॉलेज महावन की छात्रा दीपिका मिश्रा ने हाईस्कूल में जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर 90.17 प्रतिशत अंकों के साथ एमबीडी इंटर कॉलेज भूडरी राया के कन्हैया सिंह रहे, जबकि तीसरा स्थान 89.50 प्रतिशत अंकों के साथ कृष्णचंद गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मथुरा के माधव अग्रवाल ने प्राप्त किया है। हाईस्कूल टॉप टेन की सूची में 18 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया है।
इंटर में जनपद टॉपर 87.60 प्रतिशत अंकों के साथ डॉ. चरनलाल इंटर कॉलेज सौंख रोड मथुरा के छात्र सचिन बने हैं। दूसरे स्थान पर प्रेमलता अग्रवाल इंटर कॉलेज राया की छात्रा डौली अग्रवाल 87.40 प्रतिशत और 85.80 प्रतिशत अंकों के साथ कृष्णचंद गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र रोहित यादव तीसरे स्थान पर रहे हैं। इंटर टॉप टेन की सूची में 11 छात्र-छात्राएं स्थान पाने में सफल रहे हैं।
जनपद में हाईस्कूल का परिणाम 86.50 प्रतिशत रहा है, जो प्रदेश में 21वें स्थान पर है। इंटर का परिणाम 77.69 प्रतिशत रहा है, जो प्रदेश में 67वें स्थान पर है। पिछले साल हाईस्कूल का परिणाम प्रदेश स्तरीय सूची में 21वें स्थान पर ही था, जो इस बार भी बरकरार है। इंटर के परीक्षा परिणाम में जनपद ने सुधार किया है। पिछले साल 70वां स्थान मिला था। इस बार 67वां मिला है।