मथुरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने आगामी 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को राहत दी है। बोर्ड ने परीक्षा आवेदन पत्रों में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए 25 अक्तूबर तक का समय दिया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अभ्यर्थियों के आवेदन में की गई त्रुटियों को सुधार सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि कई विद्यार्थियों के आवेदन में नाम, पिता का नाम, विषय चयन, जन्मतिथि और फोटो जैसी जानकारी में त्रुटियां पाई गई हैं। अब ये सभी त्रुटियां विद्यालय स्तर पर संकलित कर ऑनलाइन संशोधित की जा सकेंगी। 25 अक्तूबर तक विद्यालय के प्रधानाचार्य दी गई वेबसाइट पर संशोधित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार का सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे छात्रों के विवरण की पूरी तरह से जांच कर संशोधन कार्य समय से पूरा करें।