मथुरा। यूपी बोर्ड भी अब धीरे-धीरे हाईटेक हो रहा है। उसने भी सीबीएसई की तर्ज पर माध्यमिक शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अपने पाठ्यक्रम की पुस्तकें अपलोड की हैं। जोकि विद्यार्थियों द्वारा डाउनलोड की जा सकती हैं।
जिले में 36 राजकीय विद्यालय, 93 अनुदानित एवं करीब 460 वित्तविहीन इंटर कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इन विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यूपी बोर्ड ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम के अनुसार एनसीईआरटी की पुस्तकें अपलोड की हैं। वेबसाइट पर यह लिंक के रूप में मौजूद हैं। यहां से विद्यार्थी इन्हें आसानी से पढ़ सकते हैं। इसके साथ ही यदि चाहें तो डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके साथ ही यह पुस्तकें ई-बुक्स के रूप में दीक्षा पोर्टल भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे एक विद्यार्थी पोर्टल अथवा वेबसाइट पर जाकर अपनी कक्षा की पुस्तक को डाउनलोड कर अध्ययन कर सकता है।
बोर्ड द्वारा यह अच्छा निर्णय लिया गया है कि उनके द्वारा सभी पुस्तकें वेबसाइट अथवा दीक्षा पोर्टल पर अपलोड कर दी गई हैं। इससे विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी काफी सहूलियत हो जाएगी।
-डॉ. प्रियंका, प्रधानाचार्या, सुखदा शिक्षा मंदिर कन्या इंटर कॉलेज