वृंदावन (मथुरा)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बृहस्पतिवार को ठाकुर श्रीबांकेबिहारी की नगरी वृंदावन में आगमन भक्ति भावना से भरपूर रहा। गृह मंत्री बनने के बाद पहली बार मंदिर पहुंचे शाह ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर में विधि-विधान के साथ ठाकुरजी का पूजन किया। वह लगभग 15 मिनट तक मंदिर में रुके। हर बीता क्षण उन्हें ठाकुरजी के श्रीचरणों के करीब ले गया। ठाकुरजी की अलौकिक छवि को गृह मंत्री अपलक निहारते रहे।
तय कार्यक्रम से पूरे पौन घंटे विलंब से केंद्रीय गृह मंत्री का हेलिकॉप्टर सुबह 11:45 पर पानीगांव रोड स्थित पवनहंस हैलीपैड पर उतरा। यहां से उनका काफिला बांकेबिहारी मंदिर की ओर चल दिया। कड़ी सुरक्षा के बीच सिंह द्वार से बांकेबिहारी मंदिर में प्रवेश करने के साथ ही गृह मंत्री वीआईपी गैलरी में पहुंचे।
यहां उन्होंने ठाकुरजी का पूजन किया। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत ब्रजेश गोस्वामी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य गृह मंत्री से पूजन कराया। शाह ने इत्र, चंदन, पुष्पमाला, बांसुरी के साथ अंगवस्त्र की प्रसादी ग्रहण की। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित किया।
इस दौरान गृह मंत्री हाथ जोड़े ठाकुरजी की मनोहारी छवि को काफी देर तक अपलक निहारते रहे। कुछ क्षणों तक अमित शाह आंखें मूंदे ठाकुरजी के ध्यान में लीन हो गए। आंखें खुलने के बाद हल्का सा मुस्कुराए और ठाकुरजी का आभार जताते हुए माथा टेका।
इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति मंत्री अर्जुन मेघवाल, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, नगर निगम में उपसभापति राधा कृष्ण पाठक, अध्यात्मिक गुरु डॉ. अनुराग कृष्ण पाठक, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत शर्मा, महामंत्री जितेंद्र वार्ष्णेय रोनू, प्राण वल्लभ दुबे, छैल बिहारी शर्मा, पार्षद वैभव अग्रवाल, रचिक वल्लभ नागार्च, रवि अग्निहोत्री, मोहनलाल शर्मा आदि थे।
आम लोगों के प्रवेश को रोका
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन के चलते एक घंटा पहले ही मंदिर के आधे हिस्से को खाली करा लिया गया। इस क्षेत्र में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया। इससे बांकेबिहारी मंदिर के आसपास गलियों में भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। गृह मंत्री के जाने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मंदिर परिसर में मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने लगाए जय श्रीराम के नारे
गृह मंत्री अमित शाह के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम और बांकेबिहारी के जयकारे लगाए।
सेवायतों का हुआ कोरोना टेस्ट
गृह मंत्री अमित शाह के पहुंचने से पहले मंदिर के सेवायत गोस्वामियों का कोरोना टेस्ट किया गया था। सभी सेवायतों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्हें पूजन की स्वीकृति प्रदान की गई।