केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना में ब्लाक नौहझील के 26 गांवों को शामिल नहीं किया गया है। ब्लाक में कुल 152 गांव हैं। इनमें से 26 गांवों के गरीब परिवारों को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ से वंचित कर दिया गया है।
शहदगढ़ी के प्रधान बच्चू सिंह ने बताया कि उज्ज्वला योजना में कुछ गांवों के गरीबों को उनके हक से वंचित किया गया है। तिलकागढ़ी के प्रधान जीतपाल सिंह का कहना है कि जिन गांवों को उज्ज्वला योजना में सम्मिलित नहीं किया गया है, गरीब तो उनमें भी रहते हैं, फिर उन्हें योजना से वंचित क्यों किया जा रहा है।
कृष्ण बलदेव इंडेन गैस एजेंसी नौहझील के संचालक महेशकांत पांडेय ने बताया कि पेट्रोलियम मंत्रालय से प्राप्त सूची में ब्लाक के 26 गांव सम्मिलित नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन बीपीएल कार्ड धारकों को उज्ज्वला योजना में शामिल नहीं किया गया है वे बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड और पहचान पत्र एजेंसी कार्यालय में जमा करा दें, उनके सूची बना कर मंत्रालय को भेज दी जाएगी।
उज्ज्वला योजना से वंचित गांव
अड्डा बाघर्रा, मंगलखोर, मुकदुमपुर, अड्डा मीना, फिरोजपुर, ठेंनुआं, तिलकागढ़ी, शहद गढ़ी, भूरगढ़ी, चौकड़ा-मरहला, सकतपुर, भगवानगढ़ी, अभयपुरा, चिंतागढ़ी, ढालगढ़ी, उदियागढ़ी, बसाऊ, परसोती गढ़ी, फोंदा नगला, बरी का नगला, रायकरन गढ़ी, जरैलिया, बदनपुर, कानेका, सांमतागढ़ी, सामौली।
आरटीआई से मांगी सूचना
गांव अड्डा बाघर्रा के ग्रामीणों ने उज्ज्वला योजना में सम्मिलित न किए जाने का कारण जानने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय से आरटीआई के तहत सूचना मांगी है। रामचंद निषाद, भगवान सिंह, जुगेंद्र निषाद, रमेश चंद, किशन सिंह आदि ग्रामीणों ने गांव को उज्ज्वला योजना में सम्मिलित कराने की मांग की है।