मथुरा। 11वें अंतरराष्ट्रीय योगी दिवस पर शनिवार को योग संगम कार्यक्रम का आयोजन स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में किया जाएगा। इसमें एक साथ दो हजार लोग योग करेंगे। सुबह छह बजे से होने वाले आयोजन में जिले के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।
इस बार योग दिवस के आयोजन की थीम एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग रखी गई है। इसी के चलते शनिवार को सुबह छह बजे योग संगम में जिले के जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के साथ शहर के लोग योग करेंगे। एक साथ दो हजार लोगों के लिए योग करने की व्यवस्था स्टेडियम में की गई है। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह के साथ ही एसएसपी श्लोक कुमार व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी योग कर लोगों को जागरूक कर संदेश देंगे।
इसके लिए शुक्रवार को दिन भर तैयारियां चलतीं रहीं। हालांकि बारिश के चलते जिम्मेदारों की चिंता बनी रही। अगर मौसम खराब रहा तो मैदान के बजाए स्टेडियम स्थित हॉल में योगाभ्यास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने शहर के लोगों से योग संगम में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की है।