सौंख (मथुरा) यूपी बोर्ड की परीक्षा में छात्रों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे दो साॅल्वर को केंद्र व्यवस्थापक ने चेकिंग के दौरान विद्यालय के मुख्य गेट पर पकड़ लिया। पुलिस ने देर रात दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सोमवार को मगोर्रा के जनता विद्यालय में द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा थी। दो छात्रों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे दो साॅल्वर को केंद्र व्यवस्थापक डॉ. प्रवीण कुमार ने चेकिंग के दौरान मुख्य गेट पर पकड़ लिया। दोनों युवकों के प्रवेश पत्र पर फोटो में अंतर था। उन्हें मौके पर मौजूद पुलिस को सौंप दिया गया।
थाना मगोर्रा प्रभारी मोहित तोमर ने बताया कि पुलिस ने गांव लोरिहा पट्टी निवासी रवि व मगोर्रा निवासी राहुल को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है। पूछताछ में युवकों ने स्वीकारा कि वे अपने-अपने दोस्तों के स्थान पर परीक्षा देने आए थे।