गांव नगला मौजी में बारिश के साथ आकाशीय बिजली नीम के पेड़ पर गिरी।
सुरीर। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मौजी में शनिवार देर रात गर्जना के साथ बारिश आई। इस दौरान बिजली गिरने से घेर में बंधी दो भेड़ें मर गईं। पास में खड़े नीम के पेड़ की डाली टूटकर अलग हो गई। इतना ही नहीं एक घर की बिजली की पूरी केबल फुंक गई।
गांव नगला मौजी निवासी विजेन्द्र भेड़ पालने का काम करते हैं। शनिवार शाम को विजेंद्र अपनी भेड़ों को जंगल में चराकर लाए और रात को अपने घेर में बांध दीं। पीड़ित ने बताया कि देर रात अचानक तेज धमाके के साथ घेर में बिजली गिरी, जिससे उनकी दो भेड़ें मौके पर ही मर गईं। उधर, पड़ोसी नैना वाल्मीकि के घर में भी बिजली गिरने के कारण मेन सप्लाई की केबल भी जल गई। खराब मौसम के बीच गांव में हुई दो घटनाओं के बाद दहशत फैल गई। पीड़ितों ने बिजली गिरने से हुए नुकसान को लेकर सुरीर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।