यमुना एक्सप्रेसवे पर अवाखेड़ा के समीप एक ढाबे के पास बस सवारों से पूछताछ करते समय पीछे से आए कैंटर ने दो दरोगा और एक सिपाही को चपेट में ले लिया। इससे तीनों लोग घायल हो गए। बता दें कि शनिवार रात टप्पल के समीप एक लक्जरी बस में हुई लूट की सूचना चालक ने नौहझील क्षेत्र के गांव अवाखेड़ा के समीप एक ढाबे पर रोककर पुलिस को दी थी। इस पर पुलिस वहां पहुंची थी।
मांट टोल चौकी प्रभारी राजकुमार गिरी, नौहझील थाने के एसआई उमेश चंद सोलंकी और आरक्षी दिनेश बालियान बस सवार लोगों से जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहा आयशर कैंटर (यूपी-14 एफपी-2758) उनसे टकरा गया।
नौहझील थाने में तैनात दरोगा उमेशचंद सोलंकी की हालत गंभीर बताई गई है। आगरा के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद भाग रहे चालक मिंटू निवासी धनायन थाना शाहपुर, मुजफ्फरनगर को पुलिस ने कैंटर समेत दबोच लिया।