कोसीकलां। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर गांव बंचारी (होडल) हरियाणा से ड्यूटी करके लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों की सड़क हादसे में जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा की मदद से कंटेनर को सीधा किया और एक युवक के शव को निकाला। दोनों युवक कोसीकलां और छाता के गांव अलवाई के रहने वाले थे। परिजन में चीत्कार मच गई।
होडल पुलिस के अनुसार अग्रवाल कॉलोनी, 30 फुटा रोड कोसीकलां निवासी नकुल ने बताया कि उनका छोटा भाई दीपक (28) जेबीएम कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने दोस्त कृष्णकांत (26) निवासी अलवाई, छाता के साथ आता और जाता था। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े 7 बजे दीपक और कृष्णकांत अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से कोसीकलां आ रहे थे। बाइक को कृष्णकांत चला रहे थे। दीपक पीछे बैठे थे। जैसे ही उनकी बाइक होडल रेलवे चौक फ्लाईओवर पर पहुंची वैसे ही पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बेकाबू हुआ कंटेनर भी पलट गया, जिसके नीचे दब कर दीपक की मौत हो गई। उधर कृष्णकांत भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही होडल पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को निकलवाया। उधर हाइड्रा की मदद से कंटेनर हटाया गया। परिजन ने बताया कि पांच दिन पहले ही दीपक की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया है।