थाना हाईवे क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से देर रात बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक बाइक से गिरिराजजी की परिक्रमा के लिए गोवर्धन जा रहे थे। तीनों ही बिना हेलमेट बाइक पर सवार थे।
थाना हाईवे क्षेत्र की ओम नगर कालोनी निवासी विपिन कुमार खरे (24) पुत्र महेंद्र खरे और इतवारीलाल (35) पुत्र हरनारायण व विक्की पुत्र मुकेश निवासी ओमनगर शुक्रवार को रात में करीब 10:30 बजे बाइक से गोवर्धन जाने के लिए निकले।
रात में करीब 10:45 बजे तीनों बाइक से बाबा जयगुरुदेव आश्रम के निकट किसी काम से आए। इसी दौरान तेज गति से आए ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। हादसे में विपिन और इतवारीलाल की मौत हो गई। विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। इतवारीलाल कलक्ट्रेट में सफाई कर्मचारी थे।
सूचना पर देर रात हाईवे की गश्ती पुलिस पहुंच गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। दोनों शव पोस्टमार्टम को भेज दिए। ट्रक चालक ट्रक को भगा ले गया। मामले में महेन्द्र खरे ने ट्रक चालक के खिलाफ थाना हाईवे में रिपोर्ट दर्ज कराई है।