मथुरा। मुठभेड़ में घायल बदमाश पुष्पेंद्र चौधरी।
- फोटो : mathura
राया (मथुरा)। राया पुलिस और स्वाट टीम ने 25-25 हजार के दो इनामी बदमाशों को बृहस्पतिवार की रात मुठभेड़ में दबोच लिया। पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों के खिलाफ चोरी और लूट की रिपोर्ट राया थाने में दर्ज है।
स्वाट टीम प्रभारी अभय शर्मा को दो इनामी बदमाशों की लोकेशन राया थाना क्षेत्र में मिली। उन्होंने इसकी जानकारी राया थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल को दी। स्वाट और राया पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी के लिए चेकिंग शुरू कर दी। दो बाइक सवार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस चेकिंग को देख वह भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो दोनों बदमाशों की टांग में गोली लगी और घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को राया कट के पास कच्चे रास्ते से पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राया थाना क्षेत्र के गांव सारस निवासी अंकित चौधरी और धर्मा वाली गली निवासी पुष्पेंद्र चौधरी उर्फ बिट्टू बताया। तलाशी में उनके कब्जे से लैपटॉप, दो तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई।
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन बताया के दोनों शातिर अपराधी हैं। लूट, चोरी, बाइक चोरी समेत अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। दोनों अक्सर सुनसान रास्तों पर लोगों से मोबाइल, पर्स, वाहन आदि लूटते हैं। दोनों के खिलाफ राया थाने में लूट और चोरी के मामले दर्ज हैं।
29 अगस्त को लूट और 7 अक्तूबर को की थी चोरी
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मथुरा व आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी करके सस्ते दामों में बेचने का कार्य भी करते हैं। 29 अगस्त को आयरा खेड़ा निवासी श्यामवीर से खरबा बंबा के पास पुष्पेंद्र चौधरी उर्फ बिट्टू ने 25 हजार रुपये की लूट की थी। 7 अक्तूबर को दोनों मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।