मांट। थाना मांट क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाबरा के मजरा नगला बरी में मुहर्रम पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिरयानी बांटी। इसे खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फ़ानन में बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया गया। सूचना पर पहुंची मांट पुलिस ने बिरयानी बांटने वाले आरोपी गुलशेर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। चूंकि जिन बच्चों की तबीयत बिगड़ी वे हिंदू थे इसलिए मामले ने ज्यादा तूल पकड़ लिया।
शुक्रवार को मुहर्रम त्योहार पर थाना मांट की ग्राम पंचायत जाबरा के मजरा नगला बरी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिंदू बिरयानी बांटी। बिरयानी काफी लोगों ने खाई जिसमें सभी गैर मुस्लिम बच्चे भी शामिल थे। उधर दो हिंदू बच्चों ने बिरयानी तो खाई पर जैसे ही उन्हें पता चला कि यह चिकन बिरयानी है तो बच्चे उल्टी करने लगे। दोनों की हालत बिगड़ गई। परिजनों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने बिरयानी बांटने वालों से पूछा। उन्होंने बताया कि बिरयानी नॉनवेज थी। हो सकता है कि बच्चों को यह पता चलने पर उनका मन खराब हो गया हो। वैसे तो काफी बच्चों ने बिरयानी खाई है। मामले की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मांट पुलिस को सूचना दी। इधर मांट थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी गुलशेर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उससे पूछताछ की जा रही है। संवाद