कोसीकलां में सांड के टक्कर से सड़क पर पड़ा दुकानदार।
कोसीकलां। नगर में सड़कों पर छुट्टा मवेशियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। नतीजतन ये परेशानी का सबब बन रहे हैं। मंगलवार को सरायशाही में दो सांड़ लड़ते-लड़ते एक प्रोविजन स्टोर में जा घुसे और दुकानदार को उठाकर फेंक दिया। कुछ ही देरे में दुकान तहस-नहस हो गई।
यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक प्रोविजन स्टोर की दुकान में कुछ लोग खड़े हैं। इसी दौरान दो सांड़ लड़ते हुए दुकान की कांउंटर से जा टकराते हैं और अंदर की ओर घुस आते हैं। इससे वहां खड़े लोग भाग निकले।
दुकानदार राजकृष्ण बिछोरिया सांड़ को भगाने के लिए कुर्सी मारते हैं, तभी दूसरा सांड़ फिर लड़ने लगता है। तभी सांड़ दुकानदार को उठाकर दूर फेंक देता है। दुकान संचालक ने बताया कि उसे अंदरूनी चोटें आईं हैं। वहीं हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन को छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। संवाद